home page

रायसेन में गज कुंडी में बारूद भरते समय विस्फोट, दो किशोर झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी

 | 
रायसेन में गज कुंडी में बारूद भरते समय विस्फोट, दो किशोर झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी


रायसेन, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सालेरा गांव में शनिवार को गज कुंडी में बारूद भरते समय अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में दो नाबालिग किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजन दोनों को तत्काल रायसेन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बर्न वार्ड में उनका इलाज जारी है।

घायलों की पहचान 13 वर्षीय यश पुत्र प्रदीप और 17 वर्षीय अमित पुत्र बद्री प्रसाद के रूप में हुई है। दोनों सालेरा गांव के निवासी हैं। बताया गया है कि दोनों गज कुंडी में बारूद भर रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया और वे आग की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

प्रतिबंध के बावजूद खतरनाक इस्तेमाल

गज कुंडी लोहे से बना एक उपकरण है, जिसका इस्तेमाल बारूद भरकर तेज आवाज पैदा करने के लिए किया जाता है। दीपावली के आसपास इसका उपयोग किए जाने की घटनाएं सामने आती हैं। हालांकि, बारूद से चलने वाले ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल गंभीर हादसों का कारण बन सकता है। सालेरा गांव की घटना ने एक बार फिर इस तरह के जोखिमों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। नाबालिगों के बारूद के संपर्क में आने से उनकी सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। ऐसे उपकरणों से दूर रहने और बारूद के इस्तेमाल में किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे