home page

उज्जैनः आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में 5-6 सितंबर को  युवाओं में कैंसर पर मंथन करेंगे देशभर के विशेषज्ञ

 | 
उज्जैनः आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में 5-6 सितंबर को  युवाओं में कैंसर पर मंथन करेंगे देशभर के विशेषज्ञ


उज्जैन, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में किशोरों और युवाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर बीमारी की पहचान करने और आधुनिक उपचार मुहैया कराने के उद्देश्य से 15वां राष्ट्रीय सम्मेलन 5 और 6 सितंबर को आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के नाद ब्रह्मा कन्वेंशन सेंटर में होगा। किशोर एवं युवा कैंसर सहायता न्यास, इंदौर के तत्वावधान में इस सम्मेलन में देशभर के कैंसर विशेषज्ञ, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और कैंसर रोग को हरानेवाले भाग लेंगे।

विशेषज्ञों के अनुसार, युवा वर्ग में कैंसर के लक्षण कई बार सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं जैसे दिखाई देते हैं, जिससे बीमारी की पहचान में देरी हो जाती है। शरीर में असामान्य गांठ या सूजन, लंबे समय तक बुखार, बिना स्पष्ट कारण के वजन में बदलाव, अत्यधिक थकान, लगातार दर्द या असामान्य रक्तस्राव जैसे लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कैंसर की जल्द पहचान और समय पर इलाज से बेहतर परिणाम मिलते हैं।

शैलेंद्र शाक्य ने बताया कि सम्मेलन में युवाओं में पाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के कैंसर के लिए नवीनतम उपचार पद्धतियों जैसे कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, कार-टी सेल थेरेपी, सर्जरी और लक्षित उपचार (टार्गेटेड थेरेपी) पर विशेषज्ञ विस्तार से चर्चा करेंगे। कैंसर के उपचार के दौरान और बाद में मरीज के मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर, सामाजिक जीवन और प्रजनन स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. वीके महाडिक ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच ज्ञान एवं अनुभव का आदान-प्रदान करना है। समाज में यह संदेश पहुंचाना है कि उचित उपचार और निरंतर देखभाल से युवाओं को स्वस्थ भविष्य की ओर ले जाया जा सकता है। किशोर एवं युवा कैंसर सहायता न्यास के वाइस प्रेसिडेंट तथा आरडी गार्डी हॉस्पिटल के प्रोफेसर मेडिकल एवं हिमेटोलॉजी डॉ. कर्नल प्रकाश चितलकर ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी लंबे समय तक बने रहने वाले स्वास्थ्य लक्षण को नजरअंदाज न करें और आवश्यकता पडऩे पर योग्य चिकित्सक से परामर्श लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल