home page

शहडोल: बारिश में खुदी मॉडल रोड बनी मुसीबत, रहवासी-व्यापारी परेशान

 | 
शहडोल: बारिश में खुदी मॉडल रोड बनी मुसीबत, रहवासी-व्यापारी परेशान


शहडोल , 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिला मुख्यालय में इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड जाने वाली मॉडल रोड का निर्माण इन दिनों स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। मानसून के बीच शुरू हुए सड़क निर्माण कार्य में सड़क की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन जल निकासी और सुगम आवागमन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी गड्ढों में भर रहा है। इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है और लोगों को घरों-दुकानों तक पहुंचने में भी परेशानी हो रही है।

सड़क के दोनों ओर करीब दो-दो फीट गहरी खुदाई कर दी गई है। बारिश होने के बाद इन गड्ढों में पानी जमा हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण शुरू करने से पहले नालियों और जल निकासी की व्यवस्था कर ली जाती तो मौजूदा हालात नहीं बनते। वहीं बिजली के खंभों की शिफ्टिंग का काम भी समय पर नहीं होने से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है।

वैकल्पिक मार्ग के नाम पर बढ़ी परेशानी

सड़क के दोनों छोर पर मिट्टी के ढेर लगाकर मार्ग परिवर्तन का बोर्ड लगा दिया गया है, लेकिन रहवासियों का कहना है कि वैकल्पिक रास्ते की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। सड़क खुदी होने और आसपास जलभराव के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। सबसे ज्यादा चिंता आपातकालीन स्थिति को लेकर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ती है तो एंबुलेंस या निजी वाहन को घर तक पहुंचाना मुश्किल हो सकता है।

अतिक्रमण के बाद सड़क खुदाई ने बढ़ाई व्यापारियों की मुश्किल

क्षेत्र के व्यापारी भी निर्माण कार्य से खासे परेशान हैं। हाल ही में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कई दुकानों और मकानों के हिस्से प्रभावित हुए थे। व्यापारी अभी कारोबार को दोबारा व्यवस्थित करने में जुटे ही थे कि सड़क की खुदाई से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो गई।

व्यापारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में यदि निर्माण कार्य लंबे समय तक चलता रहा तो कारोबार पर सीधा असर पड़ेगा। सड़क बंद होने से ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे रोजमर्रा की आय प्रभावित होने की आशंका है।

तैयारी के बिना काम शुरू करने का आरोप

रहवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले जल निकासी, बिजली पोल की शिफ्टिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर पर्याप्त तैयारी नहीं की गई। मानसून के दौरान खुदाई किए जाने से समस्या और गंभीर हो गई है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है।

रहवासियों और व्यापारियों ने मांग की है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षित आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाए, आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता खुला रखा जाए और काम जल्द पूरा कराया जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

अध्यक्ष बोले- विद्युत पोल शिफ्टिंग के कारण हुई देरी

नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने शुक्रवार को कहा कि रहवासी निर्माण कार्य में सहभागिता निभाएं और नगर पालिका का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि विद्युत पोल शिफ्टिंग के कारण निर्माण कार्य में दिक्कत आ रही थी। अब काम को जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मॉडल रोड तैयार होने के बाद यह क्षेत्र के रहवासियों और आम लोगों के लिए बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएगी।

सीएमओ बोले- दूसरे मार्ग से करें आवागमन

मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशांत सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि बस स्टैंड से लल्लू सिंह चौक तक वाली सड़क चालू है और रहवासी फिलहाल इसी मार्ग से आवागमन कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से नगर पालिका प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि मॉडल रोड तैयार होने के बाद यहां आवागमन पहले से बेहतर होगा।

अब सवाल यह है कि जिस मॉडल रोड से शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है, वह कब तक तैयार होगी और तब तक निर्माण स्थल पर जल निकासी व सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कैसे सुनिश्चित की जाएगी।

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला