home page

इंदौर में एमवाय का फार्मासिस्ट निकला करोड़पति, ईओडब्ल्यू की छापे में आय से 108 प्रतिशत अधिक संपत्ति उजागर

 | 
इंदौर में एमवाय का फार्मासिस्ट निकला करोड़पति, ईओडब्ल्यू की छापे में आय से 108 प्रतिशत अधिक संपत्ति उजागर


- बिना विभागीय अनुमति के थाईलैंड यात्रा का भी खुलासा

इंदौर, 05 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के एमवाय अस्पताल में पदस्थ फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के ठिकानों पर बुधवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापा मारा। प्राथमिक जांच में आरोपी और उसकी पत्नी के पास वैध आय से 108 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई है। इसके अलावा बिना विभागीय अनुमति के थाईलैंड यात्रा करने और सरकारी दवाओं के स्टॉक में गबन के गंभीर आरोप भी सामने आए हैं।

ईओडब्ल्यू इंदौर की टीम ने बुधवार सुबह 8 बजे फार्मासिस्ट राकेश गोरखे के ठिकानों पर दबिश दी, जो दोपहर करीब 1 बजे तक जारी रही। छापेमारी के दौरान टीम ने मकान से 1.51 लाख रुपये नकद, छह संपत्तियों के दस्तावेज, बैंक पासबुक और पासपोर्ट जब्त किए। वर्ष 2007 में फार्मासिस्ट के पद पर नियुक्त हुए गोरखे का मासिक वेतन वर्ष 2015 में 18,711 रुपये था, जो 2025 में बढ़कर 54,664 रुपये हुआ। वहीं, उसकी पत्नी शासकीय दंत चिकित्सालय में लाइब्रेरियन हैं। ईओडब्ल्यू के अनुसार, जांच अवधि के दौरान दंपती की कुल वैध आय 1.11 करोड़ रुपये थी, जबकि उनके पास 2.13 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ है।

इंदौर के प्राइम लोकेशन में 6 संपत्तियां और 4 प्लॉट आए सामने

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपनी काली कमाई से इंदौर के कई पॉश इलाकों में अचल संपत्तियां बना रखी थीं। इसमें स्कीम नंबर-140 स्थित वृंदावन गार्डन का दो मंजिला मकान, साकार एनआरआई सिटी का बड़ा प्लॉट, साहिल इंद्रांचल होम्स, संघवी रेजीडेंसी तथा सद्गुरु नंदी विहार में प्लॉट शामिल हैं। इसके साथ ही ओमेक्स डेवलपर्स में भी एक प्लॉट बुक कराने के लिए 6.70 लाख रुपये के भुगतान के दस्तावेज मिले हैं। आरोपी ने इनमें से अधिकांश संपत्तियों की जानकारी अपने विभाग को नहीं दी थी।

बिना अनुमति थाईलैंड यात्रा और पुराना विवादित ट्रैक रिकॉर्ड

तलाशी के दौरान जब्त पासपोर्ट से यह खुलासा भी हुआ कि राकेश गोरखे ने अक्टूबर 2023 में बिना किसी विभागीय अनुमति के थाईलैंड की यात्रा की थी। ईओडब्ल्यू अब इस विदेश यात्रा पर हुए कुल खर्च का आकलन कर उसे आरोपी की आय-व्यय की सूची में जोड़ने की तैयारी कर रही है। उल्लेखनीय है कि आरोपी फार्मासिस्ट पहले भी विवादों में रहा है, कुछ समय पूर्व अस्पताल के पूर्व डीन के पीए के साथ बेल्ट से मारपीट करने का उसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद उस पर प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। फिलहाल ईओडब्ल्यू दस्तावेजों का सत्यापन कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत