home page

सतना में समिति प्रबंधक के घर ईओडब्ल्यू का छापा, आय से अधिक संपत्ति की जांच

 | 
सतना में समिति प्रबंधक के घर ईओडब्ल्यू का छापा, आय से अधिक संपत्ति की जांच


सतना, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतनाजिले के नागौद क्षेत्र में शनिवार सुबह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की रीवा इकाई ने कार्रवाई करते हुए सहकारी समिति प्रबंधक सुरेंद्र सिंह बघेल के घर दबिश दी। आय से अधिक संपत्ति के मामले में यह कार्रवाई जसो थाना क्षेत्र के सिजहटी गांव स्थित उनके निवास पर की गई।

ईओडब्यू की टीम सुबह करीब 5 बजे प्रबंधक सुरेंद्र सिंह बघेल के निवास पर पहुंची और आय, संपत्ति तथा उनसे संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में सुरक्षा बल मौजूद रहा। ईओडब्यू की टीम समिति प्रबंधक की आय के स्रोतों और संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। जांच के तहत उपलब्ध दस्तावेजों और संपत्ति के ब्योरे का मिलान किया जा रहा है, ताकि आय और अर्जित संपत्ति के बीच अंतर से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।

सुबह-सुबह टीम के पहुंचने से गांव में हलचल रही। फिलहाल कार्रवाई के दौरान कितनी संपत्ति या कौन-कौन से दस्तावेज मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ईओडब्ल्यू की टीम समिति प्रबंधक की आय, संपत्ति और उनसे जुड़े दस्तावेजों की जांच में जुटी है। फिलहाल जांच जारी है। ईओडब्ल्यू की ओर से विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही कार्रवाई के निष्कर्ष और मामले से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे