अनूपपुर: संकल्प अभियान की गतिविधियों में आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करें – मंत्री दिलीप जायसवाल
अनूपपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित सेवा संकल्प अभियान की बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित एवं आगामी गतिविधियों की कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त कर कार्यक्रमों में आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता करने तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के समन्वय से गतिविधियों के प्रभावी आयोजन के निर्देश दिए।
उन्होंने 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम की जानकारी में बताया कि जिले के 10 प्रमुख स्थलों सहित ग्राम पंचायतों, नगरीय क्षेत्रों तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं 19 से 26 सितंबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता स्कूल, संकुल एवं विकासखंड स्तर पर आयोजित की जाएगी। मंत्री ने सभी स्तरों पर व्यापक सहभागिता करने तथा जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं को जोड़ने के निर्देश दिए।
बताया गया कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानी’ के अंतर्गत जिले में 10 नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रेरक कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी। 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत बच्चों एवं माताओं को पोषण एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराने के साथ आंगनबाड़ी केन्द्रों में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए बदलावों को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में सामने लाने के निर्देश दिए गए।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत प्रत्येक विधानसभा से यात्रा निकालने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई। ‘मेरा सेवा योगदान’ के अंतर्गत रक्तदान, अनाथालय एवं वृद्धाश्रम निरीक्षण, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, योग-ध्यान, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की सफाई, कचरा पृथक्करण एवं कंपोस्टिंग, दिव्यांग सहयोग तथा मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मंत्री ने इन सभी गतिविधियों में आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से शासन की योजनाओं से छूटे पात्र एवं वंचित हितग्राहियों को चिन्हित कर लाभ दिलाने तथा सभी गतिविधियों को वास्तविक जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाने का माध्यम बनाने पर जोर दिया।
कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि जिले में सेवा संकल्प अभियान की सभी गतिविधियों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक आम नागरिकों एवं स्थानीय स्तर के कार्यकर्ताओं को गतिविधियों से जोड़ने तथा पात्र एवं वंचित हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना एवं विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।
बैठक में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती राठौर,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम, अपर कलेक्टर बलवीर रमन, भाजपा अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम जिला पंचायत सदस्य भारती केवट सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

