पुणे से पार्ट्स मंगवाकर इंजीनियरों ने चार दिन में सुधारी सीटी स्कैन मशीन, जांच सुविधा बहाल
अनूपपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला चिकित्सालय में चार दिनों से बंद पड़ी सीटी स्कैन मशीन सोमवार को फिर से शुरू हो गई। सीपीयू में तकनीकी खराबी आने के कारण गुरुवार से जांच सुविधा ठप थी। इससे सड़क हादसों में घायल मरीजों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हिन्दुस्थान समाचार में खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने कंपनी के इंजीनियरों से संपर्क कर मशीन की मरम्मत के प्रयास तेज किए। इंजीनियरों ने पुणे से आवश्यक पार्ट्स मंगवाकर चार दिन में मशीन को दुरुस्त कर दिया।
मशीन शुरू होने के पहले दिन करीब पांच मरीजों की सीटी स्कैन जांच की गई। जिला चिकित्सालय में श्री जी हेल्थकेयर एंड डायग्नोसिस सेंटर द्वारा सीटी स्कैन यूनिट संचालित की जाती है। गुरुवार को सीपीयू में खराबी आने से मशीन बंद हो गई थी। इसके चलते अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को बिना जांच कराए लौटना पड़ रहा था। सड़क हादसों में घायल और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों का रुख करना पड़ रहा था। गुरुवार शाम सड़क हादसे में घायल सकरिया निवासी छात्रा सुचिता पटेल के सिर की चोट की जांच भी जिला अस्पताल में नहीं हो सकी थी। परिजनों को मजबूरी में निजी केंद्र जाना पड़ा।
सिविल सर्जन डॉ. एसआर परस्ते ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने कंपनी से लगातार संपर्क किया। इसके बाद कंपनी के इंजीनियरों ने पुणे से जरूरी पार्ट्स मंगवाकर सीपीयू की खराबी दूर की। सोमवार से मशीन सुचारू रूप से काम करने लगी है। अब मरीजों की नियमित जांच की जा रही है।
जिला अस्पताल में दिसंबर 2021 से सीटी स्कैन सेंटर संचालित है। यहां आयुष्मान और बीपीएल कार्डधारकों के लिए जांच पूरी तरह निशुल्क है, जबकि सामान्य मरीजों को रियायती दरों पर सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। केंद्र में प्रतिदिन औसतन 25 से 30 मरीज सीटी स्कैन कराने पहुंचते हैं। मशीन बंद होने से इन सभी को परेशानी उठानी पड़ रही थी।
सेंटर के कर्मचारियों का आरोप था कि मशीन खराब होने के बाद कंपनी को ई-मेल और फोन के माध्यम से सूचना दी गई, लेकिन कंपनी की ओर से न तो ई-मेल का जवाब दिया गया और न ही फोन पर गंभीरता दिखाई गई। दैनिक भास्कर में छह नवंबर को खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने कंपनी के कर्मचारियों से लगातार संपर्क किया। इसके बाद इंजीनियरों ने मशीन की मरम्मत कर जांच सुविधा बहाल कर दी।
डॉ. साकेत कौशिक के अनुसार, सीटी स्कैन आधुनिक इमेजिंग तकनीक है, जिससे मस्तिष्क, छाती, पेट और हड्डियों की स्पष्ट तस्वीरें प्राप्त होती हैं। इससे गंभीर बीमारियों और चोटों की पहचान करने में मदद मिलती है। मशीन दोबारा शुरू होने से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर ही जांच की सुविधा मिल सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

