home page

अनूपपुर: अमरकंटक में कलेक्टर की नाराजगी के बाद हटा अतिक्रमण, कुछ को मिला समय

 | 
अनूपपुर: अमरकंटक में कलेक्टर की नाराजगी के बाद हटा अतिक्रमण, कुछ को मिला समय


अनूपपुर: अमरकंटक में कलेक्टर की नाराजगी के बाद हटा अतिक्रमण, कुछ को मिला समय


अनूपपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक में कलेक्टर की नाराजगी के बाद बुधवार को नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से वार्ड 10 और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे बने दर्जनों अवैध निर्माण हटाए। कुछ लोगों के अनुरोध पर उन्हें खुद जगह खाली करने के लिए एक-दो दिन का समय दिया गया हैं।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते के नेतृत्व में टीम ने दीनदयाल चौराहा से शांति कुटीर तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए। इस दौरान सड़क किनारे बने कई अस्थायी और अवैध निर्माण तोड़े गए। नगर परिषद की टीम ने नर्मदा मंदिर प्राधिकरण कार्यालय के सामने सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे भी हटाए। सार्वजनिक रास्ते पर बने ऐसे निर्माणों को हटाया गया, जिनसे लोगों और श्रद्धालुओं के आने-जाने में परेशानी हो रही थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने नगर परिषद से खुद अतिक्रमण हटाने की बात कही। इस पर उन्हें एक-दो दिन का समय दिया गया। इसके बाद तय समय में जगह खाली नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने व्यवस्थाओं पर जताई थी नाराजगी

अमरकंटक की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने सोमवार को नाराजगी जताई थी। इसमें अतिक्रमण के साथ सड़क, जल निकासी और शहर की सफाई व्यवस्था से जुड़े मुद्दे शामिल थे। इसके बाद नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

सीएमओ चैन सिंह परस्ते ने बताया कि नगर प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण हटाता है। इसके बावजूद कुछ लोग रात में दोबारा कच्चे निर्माण कर लेते हैं। अब ऐसे मामलों पर भी निगरानी रखी जा रही है। सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला