home page

जबलपुर : बड़ी कार्रवाई, लगभग 20 करोड़ की बेशकीमती सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा मुक्त

 | 
जबलपुर : बड़ी कार्रवाई, लगभग 20 करोड़ की बेशकीमती सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा मुक्त


जबलपुर, 12 जून (हि.स.)। संभागीय अधिकारी सागर बोरकर एवं संपदा शाखा के उपयंत्री प्रमोद अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि राइट टाउन चंचला बाई स्कूल स्थित शहर के मुख्य और पॉश क्षेत्र में स्थित नगर निगम स्वामित्व की लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य की बेशकीमती भूमि व भवन को पूरी तरह से कब्जेधारी से कब्जा मुक्त कराकर वहां तालाबंदी कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि राइट टाउन स्थित चंचला बाई स्कूल पानी की टंकी के पास डायवर्सन प्लाट नं. 440, डायवर्सन शीट नं. 152 सी का एक बड़ा हिस्सा नगर निगम के स्वामित्व में दर्ज है। इस परिसर में पूर्व में कस्तूरबा स्कूल का संचालन किया जाता था। लेकिन पिछले कुछ समय से नियमों को ताक पर रखकर इस बहुमूल्य सरकारी संपत्ति पर लॉ कॉलेज के नाम से अवैध रूप से कब्जा जमा लिया गया था।

उन्होंने बताया कि सरकारी संपत्ति को सुरक्षित करने के लिए तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए जिसपर नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुँची। बिना किसी दबाव के टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को अपने नियंत्रण में लिया और मुख्य द्वारों पर तालाबंदी की गयी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक