रोजगार सृजन की दिशा में बड़ा कदम: मप्र पॉवर जनरेटिंग कंपनी में 61 संयंत्र सहायक प्रशिक्षुओं को नियुक्ति पत्र जारी
भोपाल, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड द्वारा कंपनी की कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने व युवा एवं दक्ष प्रशिक्षुओं को अवसर प्रदान करने की दिशा में भर्ती प्रक्रिया निरंतर जारी है। इसी क्रम में कंपनी द्वारा दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत कुल 61 चयनित संयंत्र सहायक पद पर प्रशिक्षु के रूप में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रस्ताव पत्र जारी किए गए हैं। नियुक्ति पत्र कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट https://www.mppgcl.mp.gov.in के करियर अनुभाग में अपलोड कर दिए गए हैं।
नियुक्ति पत्र के साथ दिशा निर्देश जारी
कंपनी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सीधी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत श्रेणी-3 के संयंत्र सहायक प्रशिक्षु पदों के लिये कुल 61 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। इनमें संयंत्र सहायक प्रशिक्षु (मैकेनिकल-36) एवं संयंत्र सहायक प्रशिक्षु (इलेक्ट्रिकल-25) पदों के चयनित अभ्यर्थियों को उनके आवंटित पदस्थापना स्थल पर उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया गया है। कंपनी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सभी चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रशिक्षु के रूप में की गई है। अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र में उल्लिखित निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन कर निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होने के लिए कहा गया है। उल्लेखनीय है कि इन पदों के लिये कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का आयोजन इसी वर्ष फरवरी माह में तथा दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया को मई के महीने में पूर्ण किया गया था।
ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सभी नवनियुक्त प्रशिक्षु कार्मिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि कंपनी सीधी भर्ती के माध्यम से नियमित रूप से कंपनी में रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

