home page

अनूपपुर-शहडोल में हाथियों का आतंक: सांसद हिमाद्री सिंह ने जताई चिंता, रेस्क्यू और मुआवजे की उठाई मांग

 | 
अनूपपुर-शहडोल में हाथियों का आतंक: सांसद हिमाद्री सिंह ने जताई चिंता, रेस्क्यू और मुआवजे की उठाई मांग


अनूपपुर, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर और शहडोल जिलों में जंगली हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही और हमलों से ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथियों के हमलों में अब तक चार लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटनाओं को लेकर सांसद हिमाद्री सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है।

सांसद ने वन मंत्री दिलीप अहिरवार और सीसीएफ से चर्चा कर हाथियों को जल्द रेस्क्यू कर अन्यत्र भेजने तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ से लगे जंगलों के रास्ते पिछले चार महीनों से चार जंगली हाथियों का दल अनूपपुर और शहडोल के सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार घूम रहा है। इस समूह में एक आक्रामक नर हाथी भी शामिल बताया जा रहा है। बीते डेढ़ महीने में हाथियों के हमले से अनूपपुर जिले में दो तथा मरवाही और शहडोल क्षेत्र में एक-एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

हाथियों के हमलों से कई घरों, फसलों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा आठ पशुओं की भी मौत हो चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ जैतहरी जैसे नगरीय इलाकों में भी हाथियों की मौजूदगी से लोगों में भय व्याप्त है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार खतरे के कारण लोग तेंदूपत्ता, महुआ और लकड़ी संग्रह के लिए जंगल जाने से बच रहे हैं। किसान भी खेतों में जाने से डर रहे हैं। लंबे समय से जारी इस स्थिति के चलते ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही रोकने के स्थायी इंतजाम करने, प्रभावितों को त्वरित राहत देने और नुकसान का सर्वे कर उचित क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला