home page

जबलपुर : बिजली बिल बकायादारों पर बिजली विभाग का शिकंजा, तीन दिन में 132 कनेक्शन काटे, 10 लाख से अधिक की वसूली

 | 
जबलपुर : बिजली बिल बकायादारों पर बिजली विभाग का शिकंजा, तीन दिन में 132 कनेक्शन काटे, 10 लाख से अधिक की वसूली


जबलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में बिजली बिलों की बकाया राशि वसूलने के लिए बिजली विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बड़े बकायादारों के बिजली कनेक्शन काटने के साथ ही बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। रविवार से मंगलवार तक चले अभियान में शहर के अलग-अलग संभागों में 132 बिजली कनेक्शन काटे गए। वहीं, कार्रवाई के दौरान उपभोक्ताओं से मौके पर 10 लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि जमा कराई गई।

16.14 लाख बकाया मिलने पर 22 कनेक्शन काटे

रविवार और सोमवार को चलाए गए अभियान में 22 उपभोक्ताओं पर कुल 16.14 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया मिला। इसके चलते उनके कनेक्शन काट दिए गए।

कार्रवाई के दौरान 14 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही 8.24 लाख रुपये जमा करा दिए। इनमें बजरंग नगर स्थित रिलायंस इन्फोकॉप पर 2.17 लाख रुपये, प्रेमसागर निवासी शमशुद्दीन अंसारी पर 1.91 लाख रुपये और ठक्करग्राम निवासी मोहम्मद इमरान अंसारी पर 1.96 लाख रुपये की बकाया राशि शामिल है। बहोराबाग और गोरखपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई।

बिजली चोरी के मामलों में 9.77 लाख की बिलिंग

बिजली कनेक्शन काटने और निरीक्षण के दौरान भिटौली, कठौंदा, सत्यम कॉलोनी, कृष्णा सिटी, ड्रीमलैंड सिटी, आईटीआई फीडर और बड़ा फुहारा सहित कई क्षेत्रों में बिजली चोरी के मामले पकड़े गए।

संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत पंचनामा तैयार कर 9.77 लाख रुपये की बिलिंग की गई।

पूर्व संभाग में 110 कनेक्शन काटे, 22 लाख बकाया

मंगलवार को पूर्व संभाग में बड़े बकायादारों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। करीब 22 लाख रुपये की बकाया राशि होने पर 110 बिजली कनेक्शन काटे गए। इसके अलावा लगभग 15 परिसरों में बिजली चोरी मिलने पर विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई।

चारखंभा और चांदनी चौक में एक ही परिसर में संचालित नौ बिजली कनेक्शनों की जांच की गई। इनमें से छह कनेक्शनों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। इन मामलों में मोहम्मद महफूज, अनवर अहमद, मोहम्मद हैदर पहलवान, अहमद, मंजूर अहमद अंसारी और नजरीन बानो के कनेक्शन शामिल हैं।

विभाग ने इन मामलों में तीन लाख रुपये से अधिक की बिलिंग की है।

वहीं, बहोराबाग में करीब 3.30 लाख रुपये बकाया होने पर पहले काटे गए तीन कनेक्शनों की दोबारा जांच की गई। इस दौरान फिर से बिजली का उपयोग होता मिलने पर विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत पंचनामा तैयार किया गया।

पश्चिम संभाग में 19 कनेक्शन काटे

शहर संभाग पश्चिम की चार टीमों ने भी बकायादारों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान करीब पांच लाख रुपये बकाया होने पर 19 बिजली कनेक्शन काटे गए। कार्रवाई के बीच सात उपभोक्ताओं ने मौके पर ही 1.70 लाख रुपये जमा करा दिए।

बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया बिलों की वसूली और बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है, ताकि कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक