home page

अनूपपुर: कोतमा में पार्षद और 11 पंचों के चुनाव टले, नामांकन प्रक्रिया से पहले ही लगी रोक

 | 
अनूपपुर: कोतमा में पार्षद और 11 पंचों के चुनाव टले, नामांकन प्रक्रिया से पहले ही लगी रोक


अनूपपुर: कोतमा में पार्षद और 11 पंचों के चुनाव टले, नामांकन प्रक्रिया से पहले ही लगी रोक


अनूपपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में होने वाले निकाय और पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही रुक गई है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने 7 सितंबर को प्रदेशभर के उपचुनाव अगले आदेश तक टाल दिए हैं। इसके चलते मंगलवार 8 सितंबर से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया भी नहीं हो सकी। अनूपपुर में कोतमा नगर पालिका के वार्ड 13 में पार्षद और जिले की अलग-अलग पंचायतों में 11 पंच पदों पर चुनाव होना था।

कोतमा में पार्षद का चुनाव होना था

कोतमा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 13 में पार्षद पद के लिए उपचुनाव तय था। इसके साथ ही जिले की चार जनपद पंचायतों के अलग-अलग गांवों में पंच पदों पर भी चुनाव होना था।

इन गांवों में पंच पद पर चुनाव

जनपद पंचायत अनूपपुर के देवरी, छिल्पा, मुड़धोवा और आमाडांड में पंच पद के चुनाव होने थे। पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत के गिरारी, बिजौरा, इटौर और बेंदी में भी पंच पद के लिए चुनाव होना था। इसके अलावा जैतहरी जनपद पंचायत के पिपरिया और क्योंटार तथा कोतमा जनपद पंचायत के विचारपुर में भी पंच पद के चुनाव होने थे।

15 सितंबर तक जमा होने थे नामांकन

पहले जारी कार्यक्रम के मुताबिक 8 सितंबर को चुनाव की सूचना और मतदान केंद्रों की सूची जारी होनी थी। 15 सितंबर तक नामांकन जमा किए जाने थे। 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 18 सितंबर को नाम वापस लेने की आखिरी तारीख तय थी।

29 सितंबर को होना था मतदान

जरूरत पड़ने पर 29 सितंबर को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाना था। इसके बाद 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से मतगणना कर नतीजे घोषित किए जाने थे। अब यह पूरा कार्यक्रम रुक गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक उपचुनाव के लिए अब नया कार्यक्रम जारी किया जाएगा। फिलहाल चुनाव से जुड़ी प्रशासनिक तैयारियां भी रोक दी गई हैं। उम्मीदवारों और स्थानीय लोगों को अब नई तारीखों का इंतजार करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला