home page

अनूपपुर: बीमारी और पारिवारिक समस्याओं से परेशान वृद्ध ने की आत्महत्या

 | 
अनूपपुर: बीमारी और पारिवारिक समस्याओं से परेशान वृद्ध ने की आत्महत्या


अनूपपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र के मौहरी गांव में गुरुवार-शुक्रवार की रात्रि 75 वर्षीय रमेश चौधरी का शव उनके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने की सूचना पर रातमें मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर शुक्रवार सुबह अनूपपुर जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

विवेचक एसआई कोमल अरजरिया ने बताया कि परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि रमेश चौधरी पिछले कुछ महीनों से बीमार थे। वह रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों से भी जूझ रहे थे। पत्नी भी नेत्रहीन होने के साथ-साथ पिछले 8-10 सालों से लकवाग्रस्त हैं।

पुलिस का अनुमान है कि बीमारी और पारिवारिक समस्याओं से परेशान होकर वृद्ध ने संभवतः यह कदम उठाया होगा। घटना के समय घर में पत्नी के अलावा कोई नहीं था। उनके दोनों बेटे और परिवार के अन्य सदस्य खेत गए हुए थे। रात 8 बजे खेत से लौटने पर बेटों ने पिता को कमरे में पंखे की कड़ी से लटका देखा। उन्होंने तत्काल शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।

वाद्ययंत्र बजाते थे

बताया जाता है कि मृतक तीन भाई थे और संगीत के क्षेत्र में कुशल थे। वे ढोलक, हारमोनियम जैसे वाद्ययंत्र बजाने के साथ-साथ लोक संगीत गाने में भी निपुण थे। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला