भोपाल में ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, सुबह टहलने निकले थे
भोपाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के ऐशबाग इलाके में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, नरेंद्र देव नगर, ऐशबाग निवासी कमल सिंह (60 वर्ष) पहले ड्राइवर थे, लेकिन आंखों की रोशनी कम होने के कारण उन्होंने कुछ समय पहले काम करना बंद कर दिया था। वे ज्यादातर समय घर पर ही रहते थे। गुरुवार सुबह वे टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान बरखेड़ी रेलवे ट्रैक पार करते समय सामने से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर ऐशबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ऐशबाग थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

