home page

मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को करेंगे अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धजनों का सम्मान

 | 
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को करेंगे अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धजनों का सम्मान


- 100 वर्ष या अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक होंगे ‘शतायु सम्मान’ से सम्मानित

- स्वास्थ्य जांच और डिजिटल प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे

भोपाल, 30 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धजनों का सम्मान करेंगे। गुरुवार, 01 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन के संकल्प के साथ राज्य स्तरीय आयोजन होगा। कार्यक्रम आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में सुबह 10:30 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में 500 से अधिक वरिष्ठजन और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि वृद्धजन अपने अनुभव, ज्ञान और परिश्रम से परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं। उनका सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी है। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील एवं सहयोगात्मक वातावरण तैयार करना सभी का दायित्व है।

जनसंपर्क अधिकारी अनिल वशिष्ठ ने बुधवार को बताया कि अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर प्रदेश के सभी जिलों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण आयुक्त के.जी. तिवारी ने सभी जिला कलेक्टरों, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा विभागीय संयुक्त और उप संचालकों को आयोजन के संबंध में निर्देश जारी किए हैं।

100 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले वरिष्ठजनों का होगा विशेष सम्मान

उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में 100 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु पूरी कर चुके वरिष्ठ नागरिकों को चिन्हित कर ‘शतायु सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। शतायु वरिष्ठजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके दीर्घ जीवन और समाज को दिए योगदान का अभिनंदन किया जाएगा। वृद्धाश्रमों में निवासरत वरिष्ठजनों तथा अन्य बुजुर्गों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी भी ली जाएगी।

वरिष्ठजनों की सक्रिय सहभागिता और मनोरंजन के लिए कैरम, लूडो, शतरंज, गीत-संगीत सहित विभिन्न इंडोर गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन आयोजनों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक रूप से सक्रिय रखने के साथ उनके बीच संवाद और सहभागिता का वातावरण तैयार करना है।

स्वास्थ्य जांच से लेकर डिजिटल साक्षरता तक विशेष पहल

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जिला चिकित्सालयों, सिविल डिस्पेंसरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के समन्वय से विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। इनमें रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र परीक्षण सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

बदलते डिजिटल परिवेश में वरिष्ठ नागरिकों को सक्षम बनाने के लिए मोबाइल फोन, इंटरनेट, डिजिटल सेवाओं और कम्प्यूटर के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इससे वरिष्ठजन डिजिटल सेवाओं का अधिक सहजता से उपयोग कर सकेंगे।

अधिकारों और सहायता व्यवस्था की भी दी जाएगी जानकारी

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम-2007 एवं मध्यप्रदेश नियम-2009 के अंतर्गत उपलब्ध अधिकारों, सहायता और शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी। उनकी समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संचालित एल्डरलाइन हेल्प लाइन 14567 के संबंध में भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

वर्ष 2026 की अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की थीम “गरिमा के साथ वृद्धावस्थाः वृद्ध नागरिकों के लिए देखभाल और समर्थन प्रणालियों को मजबूत करने का महत्व” को केंद्र में रखते हुए प्रदेशभर के आयोजनों में वरिष्ठजनों के सम्मान, देखभाल, स्वास्थ्य, अधिकार और सामाजिक सहभागिता पर विशेष जोर रहेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत