home page

ईद-उल-फितर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दी मुबारकबाद, भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश

 | 
ईद-उल-फितर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दी मुबारकबाद, भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश


भाेपाल, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार काे भोपाल स्थित ईदगाह पहुंचकर ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर नमाज अदा करने आए मुस्लिम भाइयों को मुबारकबाद दी। इस दौरान उन्होंने सभी को गले लगाकर ईद की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश एवं देश में शांति, सौहार्द एवं भाईचारे की कामना की।

इसके उपरांत जीतू पटवारी ने भोपाल में विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील के निवास पर पहुंचकर उनके परिवारजनों को भी ईद की मुबारकबाद दी।

इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक फूलसिंह बरैया, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, भोपाल शहर जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी पटेल, वरिष्ठ नेता अरुण श्रीवास्तव सहित नेतागण उपस्थित रहे।

जीतू पटवारी ने कहा कि पवित्र रमजान माह के समापन के साथ ईद का त्योहार प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश लेकर आता है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया भर में मुस्लिम समुदाय नमाज अदा कर शांति और एकता का संदेश देता है, जो हमारी विविधता में एकता की खूबसूरती को दर्शाता है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत की गंगा-जमुनी तहजीब ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और ऐसे पर्व हमें एक-दूसरे के करीब लाने का कार्य करते हैं। पटवारी ने समस्त प्रदेशवासियों को ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे