राजगढ़ः शिक्षा विभाग के घोटाले पर मंत्री सख्त, आरोपितों पर जल्द होगी कार्रवाई
राजगढ़,24 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बुधवार को शिक्षा विभाग में सामने आए 1.95 करोड़ रुपए के कथित घोटाले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि विभाग के किसी भी घोटाले में शामिल आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मंत्री ने यह बात नरसिंहगढ़ ब्लॉक में उजागर हुए शिक्षा विभाग के घोटाले को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कही। वह एक निजी स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
मंत्री ने कहा कि मामले में जल्द ही बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी। वहीं, विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए जा रहे भूमि विवाद संबंधी आरोपों को उन्होंने तथ्यहीन और बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ढाई साल में हर क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिख रही है, जिसे विपक्ष पचा नहीं पा रहा। गौरतलब है कि नरसिंहगढ़ ब्लॉक के 40 स्कूलों में भवन मरम्मत और सामग्री खरीद के नाम पर जारी 1.95 करोड़ रुपए में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि बाजार में 30-40 हजार रुपए के कंप्यूटर 1.50 लाख रुपए में खरीदे गए,जबकि वॉटर कूलर 1.77 लाख और कूलर 91 हजार रुपए में खरीदे जाने के दस्तावेज मिले हैं। मामले में पूर्व बीईओ सुनील कुमार आर्य को निलंबित किया गया है, लेकिन अब तक न एफआईआर हुई और न ही राशि की वसूली। इस दौरान सांसद रोडमल नागर और विधायक मोहन शर्मा भी मौजूद रहे। मंत्री के नरसिंहगढ़ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सागपुर बायपास पर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष देवेंद्र परमार, रमेश मालवीय, भरत झंवर, राजू जड़िया और भगवानदास साहू सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

