जबलपुर : विद्यार्थियों से हो निर्धारित होता है देश का भविष्य - जगदीश देवड़ा
जबलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर द्वारा शनिवार को जिले की चारों विधानसभाओं में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया।
बच्चों को आवश्यक शिक्षण सामग्री वितरित करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र के निर्माण का आधार बनता है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करे, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की प्रतिभा और सपनों के रास्ते में बाधा न बन सके।
बच्चों को दी जाने वाली छोटी-सी सहायता भी उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन लाने का माध्यम बन सकती क्योंकि विद्यार्थीयो से ही देश का भविष्य निर्धारित होता है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान इसी विचार को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास है। ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से कार्यकर्ता आवश्यक योगदान दे रहे हैं एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और सपनों के बारे में आत्मीय संवाद किया।
बच्चों की शिक्षा, उनके उज्ज्वल भविष्य और सपनों को साकार करने की दिशा में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण एवं आवश्यक हैं।
राकेश सिंह ने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि किसी को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाना भी है। बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना इसी भावना का प्रतीक है। जब किसी जरूरतमंद बच्चे को पढ़ाई के लिए आवश्यक साधन मिलते हैं, तो उसके भीतर आत्मविश्वास बढ़ता है और वह अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अधिक उत्साह से प्रयास करता है।
भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान अंतर्गत विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री जबलपुर की चारों विधानसभा में वितरित की गई है पश्चिम विधानसभा में प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय, पोलीपाथर, गौरीघाट में विद्यार्थियों को आवश्यक अध्ययन सामग्री वितरित की है पूर्व विधानसभा अंतर्गत गोपाल होटल के पास स्थित सिंधी फुलवाड़ी स्कूल में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा की उपस्थिति में जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं आवश्यक अध्ययन सामग्री वितरित की।
केंट विधानसभा अंतर्गत रांझी स्थित शासकीय विधायक में विधायक अशोक रोहाणी के संयोजन में एवं उत्तर विधानसभा में विधायक अभिलाष पांडे के संयोजन में छोटा फुहारा स्थित सूजीपुरा स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई है।
इस अवसर पर जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, श्रीकांत साहू, जिला महामंत्री पंकज दुबे, अमित सोनू बचवानी, अभय सिंह ठाकुर, उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

