home page

अनूपपुर: जनसुनवाई में कलेक्टर ने 63 लोगों की शिकायतों पर जांच कर निराकरण के दिये निर्देश

 | 
अनूपपुर: जनसुनवाई में कलेक्टर ने 63 लोगों की शिकायतों पर जांच कर निराकरण के दिये निर्देश


अनूपपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर में मंगलवार को हुई साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर ने 63 लोगों की शिकायतें सुनीं। इनमें सरकारी जमीन से कब्जा हटाने और रसोइया को काम से हटाने के मामले प्रमुख रहे। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।

जिले के जैतहरी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत केल्हौरी के सरपंच रामपाल सिंह लहरु और सचिव संजय सिंह परिहार ने सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि खसरा नंबर 1595/1 की 4.268 हेक्टेयर जमीन सरकारी है और उस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। ग्राम पंचायत के अनुसार 15 अगस्त को हुई ग्रामसभा में कब्जा हटाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पास किया गया था। पंचायत ने ग्रामीणों के हित में जमीन को कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।

कोतमा थाना क्षेत्र के लहसुई गांव की राबिया ने रसोइया पद से हटाए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर 2013 को शासकीय माध्यमिक विद्यालय लहसुई में मध्याह्न भोजन योजना के तहत उनका चयन रसोइया के रूप में हुआ था। वह 1 जुलाई तक काम कर रही थीं। राबिया का आरोप है कि उन्हें बिना उचित वजह और सूचना के काम से हटा दिया गया। उन्होंने कलेक्टर से फैसला रद्द कर दोबारा काम पर रखने की मांग की।

बैटरी वाली ट्राइसाइकिल की भी मांग

अनूपपुर के वार्ड नंबर 2 की जुगून्ती बाई ने जनसुनवाई में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल दिलाने का आवेदन दिया। वहीं जैतहरी के सुलखारी गांव के सोनशाह राठौर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने की मांग की। केल्हौरी के पुष्पराज ढीमर ने गरीबी रेखा वाले राशन कार्ड में नाम जोड़ने का आवेदन दिया।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत दुलहरा निवासी रूपलाल कोरी ने विद्युत पोल स्थापित किए जाने तथा ग्राम करपा, तहसील पुष्पराजगढ़ निवासी जीवन नायक ने कृषि विभाग के माध्यम से रीपर मशीन उपलब्ध कराने हेतु अनुदान राशि का लाभ दिलाए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम बकही, तहसील अनूपपुर निवासी ललिया बाई ने भूमि के एवज में एसईसीएल से मुआवजा राशि दिलाए जाने तथा ग्राम पड़री, तहसील अनूपपुर निवासी गुड्डा सिंह ने नया विद्युत ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जाने के संबंध में आवेदन दिया। वार्ड क्रमांक 10 कोतमा निवासी लक्ष्मण सोनी ने स्वेच्छानुदान मद से सहायता राशि प्रदान किए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी 63 आवेदनों पर सुनवाई की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला