home page

सागरः संभाग में नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ तेज होगा अभियान

 | 
सागरः संभाग में नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ तेज होगा अभियान


सागर, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर संभाग में संभागी आयुक्त (कमिश्नर) दिलीप कुमार की अध्यक्षता में बुधवार आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई और तेज की जाएगी। बैठक में संभाग के सभी जिलों के जिला परिवहन अधिकारियों की मौजूदगी में बीते तीन महीनों में किए गए वाहन चेकिंग अभियानों और राजस्व संग्रहण का पूरा ब्यौरा लिया गया।

बैठक के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक संभाग में शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 501 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। संभाग के अलग-अलग जिलों में की गई कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है:

सागर जिला: 265 लाइसेंस निलंबितछतरपुर जिला: 121 लाइसेंस निलंबितदमोह जिला: 87 लाइसेंस निलंबितपन्ना जिला: 21 लाइसेंस निलंबितटीकमगढ़ जिला: 7 लाइसेंस निलंबित

कमिश्नर दिलीप कुमार ने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज मामलों के आधार पर तत्काल लाइसेंस निरस्त या निलंबित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

सड़क हादसों पर लगाम लगाने और खासकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कमिश्नर ने स्कूली बसों व अन्य छात्र-परिवहन वाहनों की सघन जांच के आदेश दिए हैं।

दमोह में हाल ही में घटी दुर्घटना का हवाला देते हुए कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुराने वाहनों पर नोटिस: 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के मालिकों को तत्काल नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है।

परमिट निरस्तीकरण: ऐसे पुराने वाहनों को सड़कों से हटाने, उनके परमिट निरस्त करने और नियमानुसार कानूनी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

दस्तावेजों की जांच: नियमित वाहन चेकिंग के दौरान फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक कागजातों की कड़ाई से जांच करने को कहा गया है।

परिवहन विभाग के राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए कमिश्नर दिलीप कुमार ने चेक पोस्ट के जरिए शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्धारित राजस्व लक्ष्यों को पूरा करने के लिए उन्होंने बकाया कर वाले वाहन स्वामियों को नोटिस जारी करने और कर न चुकाने की स्थिति में वाहनों का पंजीकरण निरस्त करने की चेतावनी दी है।

इस समीक्षा बैठक में सागर संभाग के सभी जिलों के जिला परिवहन अधिकारी एवं परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे