home page

बड़वानीः ड्रोन ने खोली गांजे की खेती की पोल, चार खेतों में मिले 6100 से ज्यादा पौधे

 | 
बड़वानीः ड्रोन ने खोली गांजे की खेती की पोल, चार खेतों में मिले 6100 से ज्यादा पौधे


बड़वानी, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में महाराष्ट्र सीमा से सटे वरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजे की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ड्रोन की मदद से इलाके की निगरानी कर जंगल क्षेत्र में चार अलग-अलग खेतों को चिन्हित किया और एक साथ दबिश देकर गांजे के 6100 से अधिक पौधे जब्त किए। जब्त पौधों का कुल वजन 10 क्विंटल से ज्यादा बताया गया है, जबकि इनकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ला ने शुक्रवार को बताया कि वरला क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना की तस्दीक के बाद सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। अभियान को गोपनीय रखते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 75 से अधिक पुलिसकर्मियों को कार्रवाई में लगाया गया।

पुलिस टीम ने कार्रवाई की भनक संबंधित लोगों को न लगे, इसके लिए विशेष सावधानी बरती। पुलिसकर्मियों और सामान को ले जाने वाले पिकअप वाहन को तिरपाल से ढककर जंगल क्षेत्र तक पहुंचाया गया। इसके बाद अलग-अलग टीमों ने चिन्हित स्थानों पर पहुंचकर खेतों की घेराबंदी करते हुए तलाशी शुरू की।

जमीन पर चल रहे तलाशी अभियान के साथ-साथ पुलिस ने ड्रोन से भी खेतों और आसपास के इलाके की निगरानी की। ड्रोन की मदद से पुलिस को खेतों में बड़ी संख्या में गांजे के पौधे दिखाई दिए। इसके बाद चार अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पौधों को जब्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान खेतों में मौजूद कुछ लोग पुलिस टीम को देखकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश भी की, लेकिन तत्काल उनका पता नहीं चल सका। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन खेतों में गांजे की खेती कौन करा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिन जमीनों पर गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे, वे वन क्षेत्र में आती हैं। इसके बाद पुलिस ने सिरवेल वन परिक्षेत्र के रेंजर और वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया।

वन विभाग की टीम अब मौके की स्थिति और जमीन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि यह पता लगाया जा सके कि वन क्षेत्र की जमीन पर किसके द्वारा अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी। संबंधित लोगों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में ड्रोन की मदद से की गई निगरानी के बाद गांजे की खेती का यह बड़ा मामला सामने आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा