मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व वन्यजीव दिवस पर दी शुभकामनाएं
भाेपाल, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व वन्यजीव दिवस (3 मार्च) पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण, पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन और जैव विविधता के महत्व पर जोर देते हुए प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने साेशल मीडिया एक्स पर अपने संदेश में कहा- विश्व वन्यजीव दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।मध्यप्रदेश में वन्यजीवों के संरक्षण एवं संवर्धन पर लगातार काम हो रहा है, जिससे संतुलित और टिकाऊ जैव विविधता मॉडल मजबूत हो और यह धरा वन्य जीवन के लिए भी आदर्श बने।
उल्लेखनीय है कि विश्व वन्यजीव दिवस हर साल 3 मार्च को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य पृथ्वी के जंगली जीवों और वनस्पतियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। 20 दिसंबर 2013 को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित यह दिन, लुप्तप्राय वन्यजीवों के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन (CITES) के हस्ताक्षर की याद दिलाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

