home page

सागर: डॉ. मुखर्जी के बलिदान दिवस पर जिले के सभी बूथों पर हुए कार्यक्रम

 | 
सागर: डॉ. मुखर्जी के बलिदान दिवस पर जिले के सभी बूथों पर हुए कार्यक्रम


सागर, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं अखंड भारत के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा सांगठनात्मक सागर जिले के प्रत्येक बूथ पर भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया।

धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की अखंडता के लिए ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ का ऐतिहासिक उद्घोष किया था। उन्होंने राष्ट्र की एकता के लिए कड़ा संघर्ष किया और अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने आगे कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 की समाप्ति के ऐतिहासिक फैसले के माध्यम से डॉ. मुखर्जी के सपनों को सच कर दिखाया गया है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है।

तिवारी ने जोर देकर कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित भारतीय जनसंघ की विचारधारा ही आज भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से देशहित, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। आज की नई पीढ़ी को उनके त्याग, समर्पण और अटूट राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए।

जिला भाजपा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बलिदान दिवस के इस पावन अवसर पर सांगठनात्मक सागर जिले के सभी 1334 बूथों पर स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा गरिमामयी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन कार्यक्रमों में स्थानीय नेताओं सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। विभिन्न बूथों पर डॉ. मुखर्जी के जीवन, कृतित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर संगोष्ठियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न बूथों पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा के सदस्य एवं भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे