home page

डीपीएस स्कूल प्रबंधन पर वेतन और उत्पीड़न के आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग

 | 
डीपीएस स्कूल प्रबंधन पर वेतन और उत्पीड़न के आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग


डीपीएस स्कूल प्रबंधन पर वेतन और उत्पीड़न के आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग


छिंदवाड़ा, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के एक निजी विद्यालय डीपीएस स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एक कर्मचारी ने वेतन भुगतान, सेवा संबंधी मामलों और कथित उत्पीड़न को लेकर कलेक्टर से शिकायत की है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की मांग की गई है। मामले में स्कूल प्रबंधन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है।

शिकायतकर्ता गोपाल सूर्यवंशी ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि वह वर्ष 2021 से विद्यालय में कार्यरत रहे हैं। उनका आरोप है कि इस दौरान उन्हें नियमित रूप से वेतन का भुगतान नहीं किया गया तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

आवेदन में उन्होंने यह भी कहा है कि स्कूल प्रबंधन ने उनके पुत्र की शिक्षा शुल्क में रियायत देने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उसे पूरा नहीं किया। इसके अलावा एनसीसी में एसोसिएट ऑफिसर बनने के बाद चार वर्ष तक पद पर बनाए रखने का भरोसा दिया गया था, लेकिन बाद में उन्हें सेवा से हटा दिया गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उन्हें भविष्य निधि (पीएफ) और अन्य देय राशि का भुगतान भी नहीं किया गया है। साथ ही उनके बच्चों का स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) जारी नहीं किए जाने से परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर बकाया वेतन, पीएफ एवं अन्य लंबित देयकों का भुगतान सुनिश्चित कराने तथा बच्चों की टीसी जारी कराने की मांग की है।

उधर, इस संबंध में डीपीएस स्कूल प्रबंधन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। शिकायत में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं, जिनकी पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan