home page

जबलपुर : डोमिनोज के रसल चौक आउटलेट में नॉनवेज ओवन में बन रहा था वेज पिज्जा, खाद्य विभाग ने लिए नमूने

 | 
जबलपुर : डोमिनोज के रसल चौक आउटलेट में नॉनवेज ओवन में बन रहा था वेज पिज्जा, खाद्य विभाग ने लिए नमूने


जबलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में रसल चौक स्थित डोमिनोज पिज्जा रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा विभाग के औचक निरीक्षण के दौरान वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री तैयार करने की व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान नॉनवेज पिज्जा के लिए निर्धारित ओवन में वेज पिज्जा बेक होता मिला। टीम ने मामले को निरीक्षण में दर्ज करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों में मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम मजिस्ट्रेट, नगर निगम टीम और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रसल चौक स्थित रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। टीम ने स्टोर मैनेजर की मौजूदगी में किचन और स्टोर की जांच करने के साथ खाद्य सामग्री के रखरखाव, पिज्जा बनाने की प्रक्रिया और इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया। खाद्य लाइसेंस की भी जांच की गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज पिज्जा तैयार करने के लिए अलग-अलग ओवन निर्धारित हैं और दोनों पर उनकी श्रेणी भी अंकित है। इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान नॉनवेज के लिए निर्धारित ओवन में वेज पिज्जा बेक किया जा रहा था। अधिकारियों ने इसे निर्धारित खाद्य सुरक्षा व्यवस्था के पालन से जुड़ा महत्वपूर्ण बिंदु माना है।

जांच के दौरान टीम ने रेस्टोरेंट से बेक स्प्रिंकलर और चीज के नमूने भी लिए। दोनों नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के संबंध में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक