home page

जबलपुर : तिलहरी डी-मार्ट में खाद्य विभाग की दबिश, दो ब्रांड के घी के नमूने लिए

 | 
जबलपुर : तिलहरी डी-मार्ट में खाद्य विभाग की दबिश, दो ब्रांड के घी के नमूने लिए


जबलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में तिलहरी स्थित डी-मार्ट में शनिवार को खाद्य विभाग की टीम ने दबिश देकर खाद्य सामग्री की जांच की। इस दौरान टीम ने अलग-अलग ब्रांड के घी की जांच करते हुए दो ब्रांड के नमूने लिए। इसके बाद स्टोर में रखी अन्य खाद्य सामग्री की भी जांच की गई।

जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान डी-मार्ट में घी के करीब पांच अलग-अलग ब्रांड पाए गए। इनमें श्री घी और मिल्की मिस्ट ब्रांड के घी की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर खाद्य विभाग के अधिकारियों ने दोनों के नमूने जांच के लिए लिए। नमूनों को प्रयोगशाला भेजकर उनकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की टीम की कार्रवाई के दौरान डी-मार्ट में खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों की भीड़ लगी रही। सैंपल लिए जाने की जानकारी मिलने पर कुछ ग्राहक जांच स्थल तक पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

अधिकारियों ने घी के नमूने लेने के साथ ही स्टोर में रखे अन्य खाद्य पदार्थों की भी जांच की। कार्रवाई के दौरान खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों से जुड़े पहलुओं को देखा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक