home page

जबलपुरः दुर्गोत्सव में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ कार्रवाई, 15 डीजे बॉक्स और 10 साउंड बॉक्स जब्त

 | 
जबलपुरः दुर्गोत्सव में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ कार्रवाई, 15 डीजे बॉक्स और 10 साउंड बॉक्स जब्त


जबलपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में दुर्गोत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। रांझी और कैंट थाना क्षेत्रों में रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक कार्रवाई करते हुए तेज आवाज में डीजे और साउंड सिस्टम बजा रहे दो वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस ने संबंधित संचालकों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

रांझी में 15 डीजे बॉक्स के साथ मिनीट्रक जब्त

गोकलपुर रांझी क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान सीएसपी सतीश साहू ने तेज आवाज में डीजे बजाते एक मिनीट्रक को पकड़ा। जांच के दौरान वाहन संचालक शैलेंद्र कुमार से डीजे सिस्टम से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन में तीन छोटे और 12 बड़े डीजे बॉक्स समेत कुल 15 बॉक्स मिले। पुलिस ने मिनीट्रक और डीजे सामग्री जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की।

कैंट में 10 साउंड बॉक्स वाला वाहन पकड़ा

कैंट थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने देर रात करीब दो बजे वाहन क्रमांक एमपी 49 टी 0986 को पकड़ा। वाहन में 10 साउंड बॉक्स लगे हुए थे। नियमों के उल्लंघन के चलते पुलिस ने वाहन को जब्त कर कार्रवाई की।

250 डीजे संचालकों को पहले ही दी गई थी हिदायत

पुलिस के अनुसार, दो अक्टूबर को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रशासन, पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में करीब 250 डीजे, साउंड और लाइट संचालकों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में स्पष्ट किया गया था कि प्रतिबंधित डीजे और निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जाएगा।

झांकियों, स्वागत मंचों और चल समारोहों में स्पीकर बॉक्स की संख्या, आकार और ध्वनि स्तर को लेकर निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक