home page

उमरिया : नवरात्रि में लाड़ली बहनों को मिलेगी 41वीं किस्त, बुधवार को खातों में आएंगे 1500 रुपये

 | 
उमरिया : नवरात्रि में लाड़ली बहनों को मिलेगी 41वीं किस्त, बुधवार को खातों में आएंगे 1500 रुपये


उमरिया, 13 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रि के अवसर पर मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के बैंक खातों में बुधवार को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त अंतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 अक्टूबर को उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत गुरुवाही ग्राम में आयोजित सम्मेलन में सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की करीब 1 करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह के मान से आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

जून 2023 में शुरू हुआ था किस्तों का सिलसिला

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत जून 2023 में पहली बार करीब 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता अंतरित की गई थी। सितंबर 2026 तक योजना की 40 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब 14 अक्टूबर को 41वीं किस्त जारी की जाएगी। इसके अलावा अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में पात्र महिलाओं को चार बार 250-250 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी गई है।

योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना तथा परिवार के फैसलों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाएं अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे सकती हैं।

योजना के तहत सामान्य पात्र लाभार्थी महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ लेने वाली पंजीकृत पात्र महिलाओं को योजना के प्रावधानों के अनुसार प्रतिमाह 900 रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। राशि आधार से जुड़े और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के लिए सक्रिय बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आर्थिक फैसले लेने में अधिक सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

14,415.93 लाख रुपये के 136 विकास कार्यों की सौगात

गुरुवाही में आयोजित सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव कुल 14,415.93 लाख रुपये की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 8,731.55 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण तथा 5,684.41 लाख रुपये की लागत के 68 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

इन कार्यों में बांधवगढ़ और मानपुर विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्य भी शामिल हैं। बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 5,906.99 लाख रुपये की लागत के 18 कार्यों का लोकार्पण और 3,225.22 लाख रुपये की लागत के 46 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा।

इसी तरह मानपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,824.56 लाख रुपये की लागत के 50 कार्यों का लोकार्पण तथा 2,459.16 लाख रुपये की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान योजना की किस्त के अंतरण के साथ जिले में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी