home page

प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव कराए सरकार, अन्यथा होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन: आशुतोष चौकसे

 | 
प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव कराए सरकार, अन्यथा होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन: आशुतोष चौकसे


भाेपाल, 04 अगस्त (हि.स.)। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे और प्रदेश सचिव अदनान अंसारी ने मंगलवार को राजधानी भाेपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में छात्रसंघ चुनाव को लेकर संगठन की आगामी रणनीति और मांगों को सार्वजनिक किया।

आशुतोष चौकसे ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव की बहाली के लिए एनएसयूआई ने लगातार संघर्ष किया। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा उच्च न्यायालय में जनहित याचिका (पीआईएल) दायर किए जाने के बाद छात्रसंघ चुनाव का रास्ता साफ हुआ, जिसे उन्होंने छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और लंबे संघर्ष की जीत बताया।

उन्होंने कहा कि एनएसयूआई की मांग है कि मध्य प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं, ताकि प्रत्येक छात्र अपने मताधिकार का उपयोग करते हुए सीधे अपने प्रतिनिधि का चुनाव कर सके। चौकसे ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव नहीं कराती या इस संबंध में पीछे हटती है, तो एनएसयूआई पूरे प्रदेश में चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने कहा, छात्रसंघ चुनाव छात्रों का अधिकार था, है और रहेगा। इस अधिकार की रक्षा के लिए एनएसयूआई हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश सचिव अदनान अंसारी सहित एनएसयूआई के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे