डिंडौरी: 4 दिन से लापता मासूम का जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव
तीन हिस्सों में बरामद हुआ, वन्यजीव हमले और अन्य पहलुओं पर जांच शुरू
डिंडौरी, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तरेरा गांव में चार दिन से लापता पांच वर्षीय बालक का शव सोमवार को जंगल में क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ। शव तीन हिस्सों में मिला है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, तरेरा गांव निवासी इख्तियार खान 17 जून की सुबह जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। उस समय उनका पांच वर्षीय पुत्र इमरान घर में सो रहा था। बताया जा रहा है कि पिता के जाने के कुछ समय बाद इमरान जागा और संभवतः उनके पीछे-पीछे जंगल की ओर निकल गया। परिजनों को लगा कि बच्चा अपने पिता के साथ ही है, इसलिए शुरुआत में किसी को उसकी अनुपस्थिति का आभास नहीं हुआ।
जब इख्तियार खान जंगल से लौटे और बेटे के बारे में पूछा, तब परिवार को पता चला कि इमरान उनके साथ नहीं गया था। इसके बाद परिजनों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में करंजिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जंगल और आसपास के गांवों में सघन सर्च अभियान चलाया। बच्चे की तलाश के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया गया। लगातार चार दिनों की खोजबीन के बाद सोमवार को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उसका शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वन्यजीव के हमले सहित अन्य कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत से तरेरा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

