home page

डिंडौरी में पहाड़ से 150 फीट नीचे खाई में मिले युवक और युवती के शव, दो दिन से थे लापता, आत्महत्या की आशंका

 | 
डिंडौरी में पहाड़ से 150 फीट नीचे खाई में मिले युवक और युवती के शव, दो दिन से थे लापता, आत्महत्या की आशंका


डिंडौरी, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के विक्रमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में एक युवक और 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के शव पहाड़ की गहरी खाई में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों रविवार दोपहर से लापता थे और बुधवार को चरवाहों की सूचना पर उनके शव पहाड़ से करीब 150 फीट (करीब 60–70 मीटर) नीचे खाई में मिले।

घटना विक्रमपुर चौकी क्षेत्र के छीरपानी और कच्छ टोला के बीच स्थित कल्ले मड़ा पहाड़ के सकरी हार इलाके की है। पुलिस ने शुरुआती जांच में पहाड़ से कूदकर आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मामले की जांच जारी है।

रविवार से लापता थे दोनों

परिजनों के अनुसार 17 वर्षीय छात्रा 11वीं में पढ़ती थी। रविवार दोपहर घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और सोमवार को पुलिस चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी दिन छीरपानी निवासी राजेंद्र परस्ते (24) भी घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों के मुताबिक राजेंद्र का विवाह पिछले वर्ष हुआ था। वह डिंडौरी में रहकर बिजली फिटिंग का काम करता था और 27 फरवरी को ही गांव आया था।

चरवाहों ने देखे शव

बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने पहाड़ के नीचे दो शव पड़े देखे। उन्होंने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

दो से तीन दिन पुराने शव

पुलिस के अनुसार दोनों शवों में कीड़े लग चुके थे, जिससे अंदेशा है कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई है। युवक के दाहिने पैर और पसलियों में फ्रैक्चर तथा सिर के पीछे चोट के निशान मिले हैं। वहीं नाबालिग का बायां पैर फ्रैक्चर है और वह मुंह के बल पत्थरों से टकराई थी।

आपस में रिश्तेदार थे दोनों

पुलिस के मुताबिक युवक और नाबालिग आपस में रिश्तेदार थे और दोनों के गांव करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। विक्रमपुर चौकी प्रभारी संतोष यादव ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में आत्महत्या की आशंका है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे