पन्ना में पेट्रोल-डीजल की किल्लत, अधिकांश पंप बंद; दो पंपों पर लंबी कतारें
पन्ना, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत गहराती नजर आ रही है। शनिवार को जिला मुख्यालय पर दो पेट्रोल पंपों को छोड़कर लगभग सभी पंप ईंधन के अभाव में बंद रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, केवल मेहदेले फिलिंग सेंटर और डायमंड पेट्रोल पंप पर ही पेट्रोल-डीजल उपलब्ध रहा। इन पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जो देर रात तक जारी रहीं। हालात ऐसे रहे कि कई स्थानों पर कतारें सड़कों तक पहुंच गईं, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
जिले में ईंधन की कमी के चलते लोगों में स्टॉक खत्म होने का डर बना हुआ है। इसी वजह से लोग टंकी फुल कराने के साथ-साथ बोतलों में भी पेट्रोल भराते नजर आए। सामान्य दिनों की तुलना में मांग लगभग तीन गुना तक बढ़ गई, जिसमें सबसे अधिक दबाव दोपहिया वाहनों का रहा।
जिला मुख्यालय के अलावा तहसील क्षेत्रों में रसोई गैस की भी भारी किल्लत देखने को मिली। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में मुख्यालय पर भी गैस संकट गहरा सकता है।
इधर, प्रशासन और तेल कंपनियों की ओर से लगातार यह दावा किया जा रहा है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आई। शासन के निर्देशों के बावजूद कई स्थानों पर गैलन और डिब्बों में भी पेट्रोल-डीजल दिया जाता रहा, जिससे स्थिति और बिगड़ती दिखी। दिनभर अफरा-तफरी जैसे हालात बने रहे, जिससे आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

