home page

सागरः ट्रेन से बिछड़ी मासूम को डायल-112 ने सुरक्षित मिलाया, छलके परिजनों के आंसू

 | 
सागरः ट्रेन से बिछड़ी मासूम को डायल-112 ने सुरक्षित मिलाया, छलके परिजनों के आंसू


सागर, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में डायल-112 सेवा ने एक बार फिर मानवीय सेवा की मिसाल पेश की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के कारण एक मासूम बच्ची, जो अपने परिवार से बिछड़ गई थी, कुछ ही घंटों में सुरक्षित अपने माता-पिता की गोद में पहुँच गई।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भोपाल से सागर कंट्रोल रूम को इवेंट नंबर 26032601146 के जरिए सूचना मिली कि एक छोटी बच्ची सागर रेलवे स्टेशन पर अकेली रह गई है। दरअसल, बच्ची के परिजन मैहर क्षेत्र से खुरई में कटाई का काम करके वापस लौट रहे थे। सफर के दौरान परिजनों को नींद लग गई और सागर स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर बच्ची को लगा कि सभी उतर रहे हैं, इसलिए वह अपना छोटा बैग लेकर प्लेटफॉर्म पर उतर गई।

जब ट्रेन आगे बढ़ी और परिजनों को बच्ची के लापता होने का पता चला, तो वे घबरा गए। इसी बीच ट्रेन में मौजूद एक जागरूक महिला ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सागर कंट्रोल रूम में तैनात उप निरीक्षक आरकेएस चौहान ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल FRB 05 (गोपालगंज) को अलर्ट किया।

एफआरबी टीम ने मौके पर पहुँचकर जीआरपी सागर के साथ मिलकर स्टेशन पर सघन तलाशी अभियान चलाया। प्रधान आरक्षक कमलेश मिश्रा और पायलट विक्रान्त सिंह की सक्रियता से बच्ची को जल्द ही ढूंढ लिया गया। बच्ची उस समय बुरी तरह डरकर रो रही थी।बच्ची को पुलिस कंट्रोल रूम लाकर उसके परिजनों से संपर्क किया गया। जब परिजन सागर पहुँचे और अपनी लाड़ली को सुरक्षित देखा, तो उनकी आँखों में खुशी के आँसू छलक आए। उन्होंने सागर पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की वजह से आज उनकी दुनिया उजड़ने से बच गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे