home page

सागर: शादी समारोह से भटकी 4 साल की मासूम, डायल-112 की मुस्तैदी से चंद घंटों में लौटी खुशियाँ

 | 
सागर: शादी समारोह से भटकी 4 साल की मासूम, डायल-112 की मुस्तैदी से चंद घंटों में लौटी खुशियाँ


सागर, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में पुलिस की तत्परता और मानवीय चेहरे का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। थाना मोतीनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शांति नगर इलाके में रास्ता भटकी एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची को डायल-112 की टीम ने न केवल सुरक्षित खोज निकाला, बल्कि उसे सही सलामत उसके परिजनों तक पहुँचाया।

पुलिस के अनुसार, रविवार की रात करीब 9:00 बजे भोपाल स्थित राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि मोतीनगर क्षेत्र में एक छोटी बच्ची अकेली और डरी हुई स्थिति में घूम रही है। सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरव्ही (FRV) मौके पर पहुँची। प्रधान आरक्षक संतोष पटेल एवं पायलट ललित दीवान ने बच्ची को अपनी सुरक्षा में लिया, उसे दुलार कर शांत कराया और उसकी पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू की।

पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के मैरिज गार्डन्स और सार्वजनिक कार्यक्रमों में बच्ची के बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान पास ही चल रहे एक विवाह समारोह में पता चला कि एक परिवार अपनी बच्ची के गायब होने से बेहद परेशान है। आवश्यक सत्यापन और बच्ची द्वारा परिजनों की पहचान किए जाने के बाद, उसे सुरक्षित सौंप दिया गया।

परिजनों ने बताया कि वे शादी की खुशियों में व्यस्त थे, इसी बीच बच्ची अनजाने में गेट से बाहर निकल गई और रास्ता भटक गई। बच्ची को सही-सलामत वापस पाकर माता-पिता भावुक हो गए और सागर पुलिस का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे