home page

(अपडेट) धार में तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

 | 
(अपडेट) धार में तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत


धार, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में मागोद-अमझेरा-मनावर हाईवे पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक नाबालिग बच्ची गंभीर रूप से घायल है। उसे गंधवानी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद धार जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार केशवी निवासी 32 वर्षीय अंतर सिंह मजदूरी करते थे। रविवार को वे अपनी बहन के घर दागड़िया वीरपोष त्योहार का सामान देने गए थे। उनके साथ 12 वर्षीय बेटी रेशम, 4 वर्षीय बेटा बेटा अशोक और काका ससुर भूरा सिंह भी थे। सामान देने के बाद चारों बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मागोद-अमझेरा-मनावर हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंतर सिंह, उनके बेटे अशोक और भूरा सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रेशम गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मृतकों के शव काफी देर तक सड़क पर ही पड़े रहे। एम्बुलेंस के पहुंचने के बाद शवों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायल रेशम को पहले गंधवानी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे धार जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वह बेहोशी की हालत में उपचाररत है।

बोलेरो मौके पर छोड़कर चालक फरार

हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर जीराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और हादसे की जांच जारी है।

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

दागड़िया वीरपोष त्योहार के लिए बहन के घर सामान पहुंचाने गए परिवार के लिए वापसी का सफर आखिरी साबित हुआ। एक ही हादसे में पिता, मासूम बेटे और काका ससुर की मौत से परिवार में मातम छा गया। हादसे में घायल 12 वर्षीय रेशम अस्पताल में उपचाररत है। अंतर सिंह के परिवार में अब उनकी पत्नी और मां हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे