home page

धार: बस को ओवरटेक करते समय सामने से आई कार से भिड़ी ईको, 8 घायल

 | 
धार: बस को ओवरटेक करते समय सामने से आई कार से भिड़ी ईको, 8 घायल


धार, 13 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में खंडवा-बड़ौदा मार्ग क्रमांक 26 पर निसरपुर और पिपलिया के बीच रविवार दोपहर दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा दोपहर करीब 12.30 बजे हुआ। दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार आठ लोग घायल हो गए। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक वाहन पलट गया।

जानकारी के अनुसार बड़वानी की ओर से आ रही मारुति ईको का चालक आगे चल रही बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से निसरपुर की ओर आ रही मारुति सेलेरियो कार से ईको की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ईको सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तत्काल निसरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। एक साथ आठ घायलों के अस्पताल पहुंचने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी। ड्यूटी डॉक्टर राहुल गवली और नर्सिंग ऑफिसर रंजना बर्मन, मिंटी मसराम, अश्विनी और हर्षित कुमावत ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी घायलों को दो 108 एंबुलेंस से बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घायलाें के नाम

हादसे में चेका पत्नी भवा निवासी फूलमाल की हालत गंभीर बताई गई है। इसके अलावा इकरा पुत्री भदा निवासी फूलमाल, चन्द्रसिंह पुत्र भुवानसिंह निवासी मेहलगांव, अशोक पुत्र सुरेश निवासी ककराना, भदा पुत्र नरसिंह निवासी फूलमाल, दूरवान पुत्र नरसिंह निवासी फूलमाल, रोहित पुत्र संतोष निवासी निसरपुर और अजय पुत्र राहुल निवासी निसरपुर घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद बड़वानी जिला अस्पताल भेजा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे