देवास में जहर खाने के बाद नवजात को गोद में लेकर निकली महिला, रास्ते में मौत
देवास, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के सुतारपुरा (पुंजापुरा) गांव में सोमवार सुबह एक बेहद संवेदनशील और दुखद घटना सामने आई। एक महिला ने जहर खा लिया और अपनी 15 दिन की नवजात बेटी को गोद में लेकर घर से निकल गई। करीब एक किलोमीटर तक चलने के बाद वह रास्ते में गिर पड़ी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, महिला के पति सुबह एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए खरगोन रवाना हुए थे। उनके जाने के बाद महिला ने यह कदम उठाया। बिना किसी को बताए वह अपनी सो रही नवजात बेटी को गोद में लेकर घर से निकल गई। घर में मौजूद तीन बेटियों ने जब मां को नहीं देखा तो परिजनों को जानकारी दी। खोजबीन के दौरान महिला करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे मिली, जहां वह उल्टी कर रही थी और उसकी हालत बिगड़ चुकी थी। परिजन उसे तुरंत बागली स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से उसे देवास जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद नहीं था और सब सामान्य था। महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। महिला की चार बेटियां हैं, जिनमें सबसे छोटी का जन्म 15 दिन पहले ही हुआ था और उसका नाम भी अभी नहीं रखा गया था। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद से नवजात बच्ची लगातार रो रही है। परिवार ने बताया कि कुछ दिन पहले ही महिला का प्रसव गांव के पास जंगल में हुआ था, जहां वे महुआ बीनने गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

