home page

देवास में अमानक पॉलिथीन के संदेह में गोदाम सील, शिकायत के बाद नगर निगम की कार्रवाई

 | 
देवास में अमानक पॉलिथीन के संदेह में गोदाम सील, शिकायत के बाद नगर निगम की कार्रवाई


देवास, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास में सिल्वर कॉलोनी पार्क क्षेत्र में अमानक पॉलिथीन रखे होने की शिकायत पर नगर निगम ने गुरुवार को एक गोदाम सील कर दिया। निगम आयुक्त के निर्देश पर पहुंची टीम ने मौके पर जांच के बाद गोदाम पर ताला लगाकर उसे सील किया।

नगर निगम को शिकायत मिली थी कि सिल्वर कॉलोनी पार्क स्थित गोदाम में प्रतिबंधित या अमानक पॉलिथीन का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और गोदाम का निरीक्षण किया। गोदाम गुलरेज शेख का बताया जा रहा है, जिसे उन्होंने उपयोग के लिए किसी अन्य व्यक्ति को दे रखा था। कार्रवाई के दौरान गोदाम को सील कर दिया गया। हालांकि, जांच के दौरान गोदाम से कितनी मात्रा में अमानक पॉलिथीन मिली, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। निगम अधिकारियों ने भी जब्ती की मात्रा को लेकर कोई विस्तृत जानकारी जारी नहीं की है।

जांच के बाद आगे की कार्रवाई

मुख्य स्वच्छता निरीक्षक रवि गोयनार ने बताया कि निगम आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। गोदाम को ताला लगाकर सील किया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद पॉलिथीन की मात्रा और नियमों के उल्लंघन की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे