देवास की पेपर फैक्ट्री में भीषण आग, दो घंटे तक उठती रहीं लपटें, औद्योगिक क्षेत्र में मचा हड़कंप
भारी स्टॉक के चलते तेजी से फैली आग, कारणों की जांच जारी
देवास, 02 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास शहर के औद्योगिक क्षेत्र क्रमांक-1 स्थित श्रीनिवास बोर्ड एंड पेपर प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार और आसमान छूती लपटें दिखाई देती रहीं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में बड़ी मात्रा में पेपर और कच्चा माल रखा हुआ था। इसी स्टॉक में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने जैसे ही धुआं उठते देखा, वे मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आग काबू से बाहर हो चुकी थी। तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल गाड़ियां और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे तक लगातार आग की लपटें उठती रहीं, जिससे हालात गंभीर बने रहे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण की कोशिश जारी रही। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और कंपनी प्रबंधन भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जा सकेगा और जांच के बाद कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में रखे भारी स्टॉक के चलते आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

