देवास: लॉ स्टूडेंट की मौत के बाद छात्रों का आक्रोश, 7 दिन में सुरक्षा इंतजाम करने का अल्टीमेटम
भोपाल, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास के एबी रोड पर सरकारी लॉ कॉलेज के छात्र महेंद्र सिंह छावड़ी की सड़क हादसे में मौत के बाद छात्रों ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कॉलेज के विद्यार्थियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर एबी रोड (मक्सी रोड) पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। छात्रों ने अधूरे पड़े सर्विस रोड का निर्माण जल्द शुरू कराने, कॉलेज के सामने ट्रैफिक पुलिस तैनात करने और सड़क पार करने के लिए सुरक्षित व्यवस्था बनाने की मांग रखी। साथ ही चेतावनी दी कि सात दिन में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र आंदोलन करेंगे।
छात्रों का कहना है कि कॉलेज के सामने से गुजरने वाले एबी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क पार करने के लिए सुरक्षित इंतजाम नहीं होने से विद्यार्थियों को जोखिम उठाना पड़ता है। उनका आरोप है कि लंबे समय से इस समस्या की ओर ध्यान दिलाए जाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि 17 नवंबर को सरकारी लॉ कॉलेज में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया था। इसमें कॉलेज के सभी छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विद्यार्थी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एबी रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने छात्र महेंद्र सिंह छावड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद छात्रों ने कॉलेज के आसपास सड़क सुरक्षा के इंतजामों को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
सर्विस रोड, स्पीड ब्रेकर और जेब्रा क्रॉसिंग बनाने की मांग
छात्रों ने एबी रोड के दोनों तरफ लंबे समय से अधूरे पड़े सर्विस रोड का निर्माण दोबारा शुरू कर जल्द पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक सर्विस रोड तैयार नहीं होता, तब तक कॉलेज के आसपास ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती की जाए, ताकि विद्यार्थियों को सड़क पार करने में परेशानी न हो। इसके अलावा एचपी पेट्रोल पंप के सामने डिवाइडर के खुले हिस्से पर स्पीड ब्रेकर बनाने, जेब्रा क्रॉसिंग तैयार करने और वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग भी की गई है।
कॉलेज के सामने सुरक्षित टर्निंग पॉइंट बनाने का सुझाव
ज्ञापन में कॉलेज के सामने सुरक्षित टर्निंग पॉइंट विकसित करने की मांग भी शामिल है। छात्रों ने साइंस कॉलेज देवास के सामने बिलावली मंदिर की ओर सड़क पर छोड़ी गई खुली जगह का उदाहरण देते हुए कहा कि इसी तरह लॉ कॉलेज के सामने भी पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई जाए। यहां स्पीड ब्रेकर बनाकर वाहनों की गति नियंत्रित करने की व्यवस्था की जाए। विद्यार्थियों के मुताबिक, इस व्यवस्था से न केवल लॉ कॉलेज आने-जाने वाले छात्रों को राहत मिलेगी, बल्कि पास के राजपुरा गांव की ओर जाने वाले लोगों को भी सुरक्षित आवागमन में मदद मिलेगी।
इसी स्थान पर पहले भी हो चुकी है छात्र की मौत
छात्रों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि इसी स्थान पर पहले ग्राम सिया निवासी 12वीं कक्षा के एक छात्र की भी सड़क हादसे में मौके पर मौत हो चुकी है। इसके बावजूद यहां यातायात और सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम नहीं किए गए। विद्यार्थियों का कहना है कि लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मौके पर जरूरी निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है। लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में प्रशासन को सात दिन का समय दिया गया है। छात्रों ने स्पष्ट किया कि इस अवधि में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि कॉलेज के सामने सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य विद्यार्थी को इस तरह की दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

