home page

देवास: महिला की मौत की जांच में लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने घेरा कमलापुर थाना, तख्तियां लेकर किया प्रदर्शन

 | 
देवास: महिला की मौत की जांच में लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने घेरा कमलापुर थाना, तख्तियां लेकर किया प्रदर्शन


देवास, 14 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामनझिरी के जंगल में चार माह पहले क्षत-विक्षत हालत में मिले आदिवासी महिला के शव के मामले में सोमवार को नया विवाद सामने आया।

जांच में लापरवाही और एक व्यक्ति को बचाने का आरोप लगाते हुए आदिवासी समाज के 80 से अधिक लोग कमलापुर थाने पहुंचे और घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर जमीन पर बैठकर धरना दिया और न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों के हाथों में न्याय की मांग और पुलिस की जांच पर सवाल उठाने वाली तख्तियां थीं। करीब दोपहर सवा एक बजे शुरू हुआ प्रदर्शन काफी देर तक चला। सुरक्षा की दृष्टि से थाने के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।

13 मई को जंगल में मिला था शव

कमलापुर थाना मुख्यालय से करीब छह किलोमीटर दूर जामनझिरी के जंगल में 13 मई को महिला का क्षत-विक्षत शव मिला था। बाद में उसकी पहचान जईबाई के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम में किसी संदिग्ध स्थिति या हत्या की पुष्टि नहीं हुई थी। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। इसी जांच को लेकर अब आदिवासी समाज के लोगों ने सवाल उठाए हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मामले की जांच में ढिलाई बरती जा रही है और जिस व्यक्ति पर संदेह जताया जा रहा है, उसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

‘न्याय के लिए कई दिन बैठ सकते हैं’

धरने को संबोधित करते हुए बेर सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों और न्याय के लिए आगे आना होगा। वक्ताओं ने कहा कि वे संवैधानिक दायरे में अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं और जरूरत पड़ी तो न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखेंगे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों की गंभीरता से जांच करने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस बोली- आरोपित से पूछताछ हो चुकी

कमलापुर थाना प्रभारी एसएस मीणा ने बताया कि डॉक्टरों के पैनल से कराए गए पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि नहीं हुई थी। मामले में मर्ग कायम कर जांच जारी है। जिस व्यक्ति पर समाजजनों ने आरोप लगाए हैं, उससे पूछताछ की जा चुकी है। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे लोगों से उनकी मांगों को लेकर बातचीत की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे