home page

अनूपपुर: वृंदावन ग्रामों को बनाया आदर्श, वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त मार्गों की कराएं मरम्मत -कलेक्टर

 | 
अनूपपुर: वृंदावन ग्रामों को बनाया आदर्श, वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त मार्गों की कराएं मरम्मत -कलेक्टर


अनूपपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर कलेक्टर रत्नाकर झा ने बुधवार को समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में चिन्हित वृंदावन ग्रामों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाए तथा वहां शासन की जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।

उन्होंने कहा कि कोतमा के ग्राम दारसागर, अनूपपुर के ग्राम केल्हौरी तथा पुष्पराजगढ़ के ग्राम अमगवां को आदर्श ग्राम के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने इन ग्रामों के आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, स्वच्छता परिसरों, खेल मैदानों, पशु चिकित्सालयों, पहुंच मार्गों तथा समस्त शासकीय परिसरों में अनिवार्य रूप से वृक्षारोपण के साथ शासन की सभी पात्र हितग्राहीमूलक योजनाओं का शत-प्रतिशत संतुष्टि करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए वर्षाकाल के दौरान क्षतिग्रस्त मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी मार्गों को व्यवस्थित एवं आवागमन के अनुकूल बनाया जाए। मुख्य नगर पालिका अधिकारियों, मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम तथा ग्रामीण सड़क विकास विभाग के अधिकारियों से सड़कों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर रत्नाकर झा ने दीपावली पर्व के दृष्टिगत जिले के सभी नगरीय निकायों एवं जनपद क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पटाखा बिक्री स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने तथा व्यवस्थित व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए, ताकि दीपावली पर्व के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षित वातावरण में पर्व मनाया जा सके।

बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने नगरीय क्षेत्रों में स्थित गौशालाओं की व्यवस्थाओं एवं स्थिति की समीक्षा करते हुए सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों को निराश्रित पशुओं से मुक्त कराया जाए। साथ ही गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं एवं सुविधाएं के निर्देश दिए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारियों राजस्व को गौशालाओं का स्वयं निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए कहा।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की गंभीरता के आधार पर शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद करें तथा उनकी समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें। कोई भी शिकायत बिना कार्रवाई के लंबित न रहे तथा प्रत्येक प्रकरण का गंभीरतापूर्वक एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला