home page

उद्योगों के लिए बिजली, पानी और जमीन के साथ कुशल तकनीशियन भी आवश्यक हैं - उप मुख्यमंत्री शुक्ल

 | 
उद्योगों के लिए बिजली, पानी और जमीन के साथ कुशल तकनीशियन भी आवश्यक हैं - उप मुख्यमंत्री शुक्ल


-उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आईटीआई के टापर विद्यार्थियों को किया सम्मानित

भाेपाल, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार काे संभागीय आईटीआई रीवा में आयोजित पांचवें दीक्षांत समारोह में मैरिट सूची में स्थान बनाने वाले 73 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा तेजी से विकास कर रहा है। हवाई सेवा की सुविधा, रेलवे और सड़कों के विकास के साथ यहां बड़े उद्योगपत्तियों ने निवेश में रूचि दिखाई है। उद्योगों के लिए बिजली, पानी और जमीन के साथ-साथ कुशल तकनीशियन की आवश्यकता होती है। इसकी कमी को आईटीआई के विद्यार्थी पूरा करेंगे। इस लिए आईटीआई के विद्यार्थियों का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। रीवा को हम सब मिलकर विकास का सिरमौर बनायेगे। हाल ही में बीहर रिवर फ्रंट को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार मिला है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी शिक्षित और संस्कारवान बने। आप जिस स्थान पर काम करें वहां अपनी महत्ता सिद्ध करें। स्वयं का स्वरोजगार स्थापित करके अन्य लोगों को भी रोजगार का अवसर दें। युवा पीढ़ी नशे की बुराई से दूर रहेगी तभी वर्तमान में हो रहे विकास कार्यों का आनंद ले सकेंगी। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास के लिए स्पीड, स्केन और स्रिथाल इंडिया का मंत्र दिया है। आईटीआई से निकले प्रशिक्षित युवा अपने कौशल से देश का नाम रोशन करेंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कन्या छात्रावास भवन को शीघ्र हैण्ड ओवर करने के निर्देश दिए। समारोह में संयुक्त संचालक तकनीकी शिक्षा सौरभ शुक्ला ने स्वागत करते हुए कहा कि आईटीआई में 27 ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके आलावा तीन और 6 महीने के कई प्रशिक्षण आयोजित किये जाते हैं। संस्था के 73 विद्यार्थियों ने विभिन्न ट्रेडों में प्रदेश की मैरिट सूची में अपना स्थान बनाया है। समारोह में पार्षद विमला सिंह, सतीश सिंह, प्राचार्य सोनम पाण्डेय, केके गर्ग, प्रदीप गौतम सुमन बड़ी संख्या में विद्यार्थी तथा उनके अभिभावक उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने आईटीआई में लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे