उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं
भोपाल, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी जनसमस्याओं और विभिन्न विषयों से अवगत कराया।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।
मुलाकात के दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है और जनहित से जुड़े सभी मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

