समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में चिकित्सकों का अमूल्य योगदान : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
- उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चिकित्सकों को दी शुभकामनाएं
भोपाल, 01 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुधवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर प्रदेश सहित देश के सभी चिकित्सकों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई दी है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि अपने ज्ञान, सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता से समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने में अमूल्य योगदान देते हैं। मानव जीवन की रक्षा और पीड़ितों को नया जीवन देने का उनका कार्य अत्यंत प्रेरणादायक एवं सम्माननीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस महान चिकित्सक एवं भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति को समर्पित है, जिनके आदर्श आज भी चिकित्सा जगत के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। यह दिवस चिकित्सकों की निष्ठा, सेवा भावना और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण , सुलभ एवं जन-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश के चिकित्सकों का समर्पण, विशेषज्ञता और सेवाभाव इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी चिकित्सक इसी निष्ठा के साथ जनसेवा करते हुए स्वस्थ, समृद्ध और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

