home page

मूंगफली के दाम 8 हजार रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग, किसानों ने मंडी में किया प्रदर्शन

 | 


मंदसौर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के पिपलियामंडी में मूंगफली का उचित मूल्य नहीं मिलने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को कृषि उपज मंडी में प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा, दिनेश गुप्ता काचरिया और बाबुखा मेवाती के साथ किसानों ने नारेबाजी करते हुए मूंगफली का भाव 8 हजार रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि इस खरीफ सीजन में उन्होंने सोयाबीन की जगह बड़े रकबे में मूंगफली की बोवनी की थी। फसल की पैदावार भी अच्छी हुई, लेकिन मंडी में उन्हें 5 से 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है। किसानों का कहना है कि मौजूदा कीमत पर खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है।

किसानों के अनुसार मूंगफली की खेती में खाद, बीज, कीटनाशक, निंदाई-गुड़ाई और फसल की खुदाई पर काफी खर्च करना पड़ा है। इसके अलावा उपज को मंडी तक पहुंचाने के लिए वाहन या ट्रैक्टर का किराया भी देना पड़ता है। ऐसे में वर्तमान भाव से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों ने कहा कि मूंगफली का भाव 8 हजार रुपये प्रति क्विंटल मिलने पर ही उन्हें कुछ मुनाफा हो सकेगा। मौजूदा कीमत पर खेती घाटे का सौदा साबित हो रही है। उन्होंने सरकार और मंडी प्रशासन से किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया