home page

अनूपपुर: छत्तीसगढ़ सीमा पर हाथियों की आवाजाही रोकने की मांग, विधायक बिसाहूलाल सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

 | 
अनूपपुर: छत्तीसगढ़ सीमा पर हाथियों की आवाजाही रोकने की मांग, विधायक बिसाहूलाल सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


अनूपपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ से लगातार मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा में प्रवेश कर रहे जंगली हाथियों और ग्रामीणों पर हो रहे हमलों की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पूर्व मंत्री एवं अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह ने बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर स्थायी समाधान की मांग की है।

विधायक ने छत्तीसगढ़ सीमा पर गहरी खाई और टंच लाइन बनाकर हाथियों के प्रवेश मार्ग को रोकने तथा जिले में विचरण कर रहे हाथियों को रेस्क्यू कर अन्य प्रांतों के राष्ट्रीय उद्यानों में छोड़े जाने का सुझाव दिया है।

विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र के कुछ हिस्सों के साथ कोतमा और पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई क्षेत्र छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे हुए हैं। छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल की सिवनी बीट अंतर्गत मालाडांड़ के जंगल से हाथी नाला पार कर ग्राम पंचायत चोलना के रास्ते अनूपपुर जिले में प्रवेश कर रहे हैं। इसके बाद हाथियों का झुंड ग्रामीणों के खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ घरों और बाड़ियों को भी क्षति पहुंचा रहा है। ग्रामीणों द्वारा हाथियों को रोकने या भगाने का प्रयास करने पर उनके हमले का भी खतरा बना रहता है।

15 साल में 17 ग्रामीणों की मौत

विधायक ने पत्र में बताया कि अप्रैल 2011 से 30 अप्रैल 2026 के बीच अनूपपुर जिले में हाथियों के हमले से 17 ग्रामीणों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 12 पुरुष, चार महिलाएं और एक बालक शामिल हैं। इसके अलावा कई मवेशियों की भी हाथियों के हमले में मौत हुई है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण सीमावर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों में भय व दहशत का माहौल बना हुआ है।

16 अगस्त को फिर पहुंचा तीन हाथियों का झुंड

विधायक के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को तीन हाथियों का एक झुंड इसी मार्ग से अनूपपुर जिले में दोबारा प्रवेश कर गया। हाथियों द्वारा चोलना, पड़रिया, कुकुरगोड़, धनगवां, चोई, भटगवां टोला, चौधरियान टोला और पड़वनिया टोला सहित आसपास के क्षेत्रों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ सीमा पर गहरी खाई और टंच लाइन बनाने की मांग

अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह ने मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल की सिवनी बीट अंतर्गत मालाडांड़ के जंगल और अनूपपुर जिले की सीमा पर गहरी खाई तथा टंच लाइन का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि हाथियों के आने-जाने के मार्ग को नियंत्रित किया जा सके। साथ ही वर्तमान में अनूपपुर जिले में विचरण कर रहे हाथियों को रेस्क्यू कर अन्य प्रांतों के राष्ट्रीय उद्यानों में छोड़े जाने की मांग भी की गई है।

विधायक का कहना है कि हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने से ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ किसानों की फसलों और संपत्ति को हो रहे नुकसान से भी राहत मिल सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला