home page

अनूपपुर: आउटसोर्स को संविदा कर्मचारी घोषित करने की मांग, विद्युत कर्मचारी संगठन शुक्रवार को करेंगे धरना प्रदर्शन

 | 
अनूपपुर: आउटसोर्स को संविदा कर्मचारी घोषित करने की मांग, विद्युत कर्मचारी संगठन शुक्रवार को करेंगे धरना प्रदर्शन


अनूपपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई में कार्यरत बिजली कर्मचारी लंबित मांगो को लेकर भारतीय मजदूर संघ से जुड़े तीन संगठनो ने आंदोलन के दूसरे चरण में शुक्रवार को अमरकंटक ताप विद्युत गृह सहित सभी प्लांटों और सभी 56 जिलों में धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौपेंगे। साथ ही कहा कि कर्मचारीयों की मांगों का निराकरण नहीं होने पर 26 अक्टूबर को भोपाल के दशहरा मैदान पर धरना प्रदर्शन मांग पत्र सौपेगे। साथ ही 3 नवंबर से प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है।

मध्यप्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ, पॉवर इंजीनियर्स एंड एम्पलाई एसोसिएशन और बाह्य स्रोत विद्युत कर्मचारी संघ ने संयुक्त मंच ने नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आंदोलन का ऐलान किया हैं, भामसं के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर श्रमिकों की समस्याओं और मांगों पर चर्चा की है।

मध्य प्रदेश विद्युत अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मंच शाखा चचाई के सतेन्द्र पाटकर एवं सुनेंद्र प्रकाश शुक्ला ने गुरूवार को बताया कि भाजपा के घोषणा पत्र के अनुसार आउटसोर्स को संविदा कर्मचारी घोषित किया जाए, नियमित भर्ती में 50% छूट और बोनस अंक देने के साथ जोखिम भत्ता 1000 से बढ़ाकर 3000 रुपये करने, उत्पादन कंपनी में भी यह लागू किया जाए। नियमित कार्मिकों की वेतन विसंगति दूर करने एवं उच्च शिक्षा प्राप्त कार्मिकों को उच्च पद कनिष्ठ अभियंता एवं सहायक अभियंता पद पर प्रमोशन सहित 20 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सरकार अगर हमारी मांगों पर विचार नहीं किया तो आंदोलन के तीसरे चरण में 26 अक्टूबर को भोपाल के भेल स्थित दशहरा मैदान में प्रदेश के आउटसोर्स, संविदा और नियमित अधिकारी-कर्मचारी धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 3 नवंबर को भोपाल में बैठक में निर्णय कर प्रदेशव्यापी हड़ताल शुरू होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला