दतिया : खून से लिखे पत्रों के जरिए उठी बुंदेलखंड राज्य की मांग
दतिया/सेंवढ़ा, 14 मई (हि.स.)। अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर गुरुवार को मध्य प्रदेश के दतिया जिले के सेंवढ़ा में बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा द्वारा जनप्रतिनिधि धिक्कार यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने खून से हस्ताक्षरित पत्र प्रधानमंत्री, दतिया-भिंड सांसद और क्षेत्रीय विधायकों के नाम जारी कर अपनी मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया।
आज सामाजिक कार्यकर्ता बस स्टैंड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास एकत्रित हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने इंजेक्शन के माध्यम से रक्त निकालकर पत्रों पर हस्ताक्षर किए और अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि चुनाव के दौरान बुंदेलखंड के विकास और अलग राज्य की बात करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही इस मुद्दे को भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि अब बुंदेलखंड की जनता अपने हक और पहचान के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार है।
कार्यक्रम में अशोक सक्सेना ने कहा कि बुंदेलखंड की लगातार हो रही उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही युवाओं से आंदोलन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र में वर्ष 2014 में बुंदेलखंड राज्य निर्माण को लेकर किए गए वादे का उल्लेख करते हुए उसे पूरा करने की मांग की गई। वहीं सांसदों और विधायकों के नाम लिखे पत्रों में बुंदेलखंड की आवाज मजबूती से नहीं उठाने पर जनप्रतिनिधियों की आलोचना की गई।
हिन्दुस्थान समाचार/संतोष तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

